26 घंटे में दो महिलाओं पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला सिरफिरा गिरफ्तार



डाटला एक्सप्रेस संवाददाता 

गाज़ियाबाद:-लिंक रोड थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव में 26 घंटे के भीतर कमरे में सो रही दो महिलाओं पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद से आरोपी आनंद विहार बस अड्डे पर छिपा हुआ था। मंगलवार को पुलिस ने उसे रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, आरोपी के कपड़े और थैला बरामद किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सिरफिरा है। शादी के एक माह बाद पत्नी के छोड़कर चले जाने के बाद से वह कुंठित है।

एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दो सितंबर से आरोपी की पुलिस की पांच टीमें तलाश कर रही थीं। मंगलवार दोपहर को पुलिस ने आरोपी को महाराजपुर पास रेलवे लाइन के किनारे से गिरफ्तार किया।आरोपी सोनू कुमार उर्फ दीपक निवासी ग्राम नया बीघा जिला पटना है। वह मजदूरी करता था। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक चाकू और घटना को अंजाम देने के दौरान पहने टीशर्ट, निक्कर व एक बैग बरामद हुआ है। आपको बता दें कि सीसीटीवी फुटेज को खंगालते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी सिरफिरा है। शादी के एक माह बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इससे बाद से वह कुंठित रहने लगा। दो सितंबर को वह महाराजपुर गांव पहुंचा। जहां उसने असलम के घर में घुसकर शहनाज के सिर में चाकू से वार कर दिया। 26 घंटे के भीतर तीन सितंबर की शाम करीब पांच बजे हसमुना खातून के गाल पर सोते समय चाकू से वार कर दिया। दोनों घटनाओं को घर में रखे चाकू का इस्तेमाल किया। जिन महिलाओं पर हमला किया, उनको आरोपी नहीं जानता है। अचानक से कमरे में घुसकर वारदात की है। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि बिहार पुलिस को सूचना दे दी गई है। उसके परिवार के बारे में अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

घटनास्थल के पास लिया था कमरा, घटना के बाद छिपा था आनंद विहार बस अड्डे पर

एसएचओ लिंकरोड रण सिंह ने बताया कि आरोपी दो सितंबर को विक्रमशिला एक्सप्रेस से बिहार से आनंद विहार दिल्ली पहुंचा था। इसके बाद काम ढूंढने के लिए साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र पहुंचा। उसे काम नहीं मिला। तो उसने महाराजपुर गांव में ही एक कमरा किराए पर ले लिया। काम मिलने के बाद रुपये देने की बात कही। इसके बाद कमरे में थैला रखकर दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह निकला और पहली घटना को अंजाम दिया। वारदात करने के बाद आरोपी आनंद विहार बस अड्डा भाग जाता था। दिन में इधर-उधर घूमता रहता था। रात में बस अड्डे पर ही सोता था। इसके पहले वह दिल्ली में रहकर ही मजदूरी करता था।

आरोपी के पकड़े जाने से लोगों को मिली राहत

महाराजपुर गांव के पार्षद आरिफ हारुन ने बताया कि घटना के बाद से गांव की महिलाएं बहुत डरी हुई थीं। आरोपी के पकड़े जाने के बाद लोगों ने पहले पुलिस से कंफर्म किया। जब पूरी तरह से पुलिस ने आरोपी के पकड़े जाने की जानकारी दे दी तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

Comments
Popular posts
मुख्य अभियंता मुकेश मित्तल एक्शन मे, भ्रष्‍ट लाइन मैन उदय प्रकाश को हटाने एवं अवर अभियंता के खिलाफ विभागीय कार्यवाही के दिये आदेश
Image
दादर (अलवर) की बच्ची किरण कौर की पेंटिंग जापान की सबसे उत्कृष्ट पत्रिका "हिंदी की गूंज" का कवर पृष्ठ बनी।
Image
साहित्य के हिमालय से प्रवाहित दुग्ध धवल नदी-सी हैं, डॉ प्रभा पंत।
Image
गुजरा बचपन न लौटे कभी
Image
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की छत्रछाया में अवैध फैक्ट्रियों के गढ़ गगन विहार कॉलोनी में हरेराम नामक व्यक्ति द्वारा पीतल ढलाई की अवैध फैक्ट्री का संचालन धड़ल्ले से।
Image